Sunday, July 27, 2014

तस्वीर जिंदगी की

कैनवास पर कैसे बनेगी,
तस्वीर जिंदगी की?

शायद..
इस तस्वीर में होगी एक नव-यौवना,
सजी-धजी एक रूपकला,
जैसे दुष्यंत की शकुंतला.
पहनी पुष्पों की मालायें,
और पुष्पों के बाजूबंद,
यौवन की खुशबू महकाती,
किसी कवि की नव-सृजन,

जिसके गेसुओं में, मेघ भरे
आशाओं के गहराए से,
आँखों में जिसके पुलक स्वप्न,
यौवन के संग छाहराये से,
बैठी हो पीत वस्त्रों में,
बस.."पी" की आस लगाये वो,

या शायद, 
इस तस्वीर में होगी एक वृद्धा,
जिसके त्वचा में शल ही शल,
सुस्ताते हों बस थके हुए,
और गाल पोपले धंसे हुए, 
समय की मार से दबे हुए,

जिसके स्तन की धवल सुधा,
बिखर गई बन रेत किधर,
चाँद की खंजर से घायल 
दम तोड़ते आँखों में अरमान,
बैठी हो सूनी राह में चुप,
जिसमे हैं शाम का अँधियारा,

थक हर गया अब सोच सोच,
रंग सूख गए अब सारे हैं,
बस, एक लकीर ही दिया खिंच,
सारे रंगों को संग सींच,
बस यही तस्वीर है जीवन की,
सांसो की एक लम्बी लकीर,
सांसो की एक लम्बी लकीर...

Monday, July 14, 2014

रक्त होता नहीं सिर्फ, धमनियों में बहाने को..

रक्त होता नहीं सिर्फ, धमनियों में बहाने को,
होना चाहिए ये भी, आखों में उतर  आने को,

सरहदों के पार है, चीत्कार एक मासूम की,
इंसानी दिल भी चाहिए, उसे रगों तक पहुँचाने को, 

कई खुदा मिलेंगे, मुकद्दर के बाजार में,
जिद्द जिगर में चाहिए, अपना मुकद्दर बनाने को,

रेत  के समंदर हैं, पीर जो अंदर हैं,
तूफां  का इलम चाहिए, इसे फूंक से उड़ाने को,

लहरों की वफ़ा क्या, कश्ती का भरोसा क्या, 
"रूद्र" तू बन नाखुदा, साहिल पे पहुँच जाने को,

Monday, June 2, 2014

रूद्र है, कहीं छुपा..

                
रूद्र है, कहीं छुपा, की आसमा भी श्याम है,
समय की परिधि पर लग गया लगाम है,

ढूंढकर, सारी दिशाए,हम कहीं गुमनाम हैं,
कोई अनकही कहानी, कह रहे तमाम हैं,

कोई करवट, कोई आहट, का है इंतजार अब तो,
क्या करें पर, पथ ही सारे, कर रहें विश्राम हैं, 

भोर की कोई कहानी, कोई आकर के सुनाएँ,
अपहरण सूरज का कर के, बन रहे अनजान हैं,

भ्रम प्रचारक, भ्रमर कोई, कैसे कैसे स्वांग करता,
लोग भी पर हैं अबोले, जैसे वो निष्प्राण हैं,

 

Thursday, April 17, 2014

ये कैसा जीवन

ये कैसा जीवन? छोभ नया, कभी शोक नया कभी रोग नया,
नित जीने के आयाम बढे, कभी लाभ नया कभी  लोभ नया,

हृदय के हर स्पंदन में, बदली है मेरी परिभाषा  
कभी खुद ही मैं गुमनाम हुआ, कही पाप नया कहीं दोष नया, 

कभी मर्यादा, कभी लोक लाज, कभी ग्रंथो के निर्देश-जाल, 
मैं निर्णायक  कभी हुआ  नहीं, कभी  दिशा नई , कभी  दशा नया,

कभी ये समाज , कभी जड़  रिवाज , कभी अपनों  की है मजबूरी,
ये जीवन क्या  खुद मैं  जीता? कभी स्वामी  नया, कभी  नाट्य नया,


                                                                            

Wednesday, November 20, 2013

खुदखुशी


खुश नहीं था वह खुद कि जिंदगी से,

खुदखुशी कर ली उसने,

मगर खुछ याद है मुझे,

अख़बार में "अग्निदग्धा की मौत" लिखे जाने से पहले,

उसने कहा थे कापते होठो से..."बचा लो मुझे"।
                                      

Friday, June 28, 2013

मौसम बीत गए ऐसे ही, बिन जामुन बिन आम

विस्तारों में खो गया , जीवन और संसार,
खोजा कुछ भी ना मिला, कहते जिसको सार,

कल की खातिर मार ना मन ये, कल ना आये काम,
मौसम बीत गए ऐसे ही, बिन जामुन बिन आम,

कल कल में ये उमर खो गई, खो गए सारे मीत,
सा-रे गा, ही ना रहे, क्या स्वर क्या संगीत?

सुबह से लेकर शाम बेचते, बन गई ऐसी बात,
उगता सूरज कब देखा था, रहा नहीं ये याद,

मिलने की बस लालच में, तरसे जाते नैन,
कैद हुए तस्वीरों में वो, नैन हुए बेचैन,

ऐसा होता , वैसा होता, दिन वो भी थे खास,
चारपाई में लेटे   होते , आँखों भरा आकाश,

थोडा थोडा करते करते, जग में जागे आस,
जग ना है ये जादूगर है, बढती जाये प्यास,




Wednesday, June 19, 2013

आज , कल-कब?


समय की कोमल सी रेशें,
बुनती सांसों के चितेरे,
स्वप्न के किरचे बिखेरे,
नींद के उन्मादी फेरे,

मन की अवनि पर लगे हैं,
अभिलाषा के कोपल सुनहरे,
जुगनू से आभास होते,
छोटे छोटे आस सोते ,

आस के विश्वास पर,
और, सखा वृन्द परिहास पर,
जीते चलो , दुःख को दलते ,


ब्यस्त जीवन,खुद का न, मन-तन ,
आप विक्रय कर चले,
स्वयं पर अभिसार को,

बूंद बारिश, हवा शीतल,
देख तरसे, मन ना बरसे,
जीत कहते, स्वयं हार को?

रुक ठहर जा, अब सुधर जा,
परिवर्तित हो, कुछ बदल जा,
करो हिम्मत , थोडा जी लो,
फेंको, छतरी, गीले हो, लो,

माप दंड, ब्यापार में होते,
जीवन तो उद्दंड है होता,
समय में मत बांधो दिन को,
दिनकर के क्या दास तुम हो,
कोई हँसता नेपथ्य में,अरे,
नाट्य का परिहास तुम हो?

स्वयं ही फेंको लकीरे,
मस्त होकर ब्योम में,
इन्द्रधनुषी देखो सपने,
कर, कहे जो मन ये तेरा,
जी ले अब कुछ,
दिन रात के छोड़ फेरे,
ये नहीं हैं तेरे मेरे,

बहुत कुछ है, परे इनके,
ख़ुशी छोटी, बड़ी यादें,
बातों से जो बनती बातें,
हैं छणिक सब, आज , कल-कब?
बस यही है, कणी सी है,
मोल इसका?, मणि सी है,
जी ले इसको, बीती जाती
कल नहीं कुछ, बस यही हैं,
कल नहीं कुछ, बस यही हैं,